रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा , अग्निपथ योजना के तहत की जायेगी अग्निवीरों की भर्ती 

नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अब तीनों सेनाओं में अग्निपथ योजना के तहत ही जवानों यानी अग्निवीरों की भर्ती की जायेगी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य सेनाओं को चुस्त दुरूस्त , युवा तथा जोश और उत्साह से परिपूर्ण बनाना है।

इससे देश की सुरक्षा व्यवस्था तो मजबूत होगी , साथ ही इसके जरिये युवाओं को देश सेवा करने का मौका मिलेगा और उनमें देशप्रेम की भावना भी पैदा होगी। श्री सिंह ने कहा कि इस योजना से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढेंगे तथा चार वर्ष के बाद जब ये युवा सेना से बाहर आयेंगे तो देश को विभिन्न कौशलों से लैस युवा जनशक्ति भी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इन युवाओं को अच्छा वेतन तथा सेना से बाहर आने के बाद अच्छा सेवा निधि पैकेज भी दिया जायेगा। सेना में कार्यरत रहने के दौरान यदि किसी अग्निवीर की मौत हो जाती है तो उसके परिजनों को बीमे के रूप में अच्छी खासी राशि दी जायेगी।

उन्होंने कहा कि यह योजना विदेशों की योजनाओं का अध्ययन कर युवाओं को ध्यान में रखकर बहुत सोच समझकर तैयार की गयी है और इसे किसी की नकल नहीं कहा जा सकता। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इस योजना को संदेह की दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए।

यह कयास भी नहीं लगाये जाने के लिए सेनाओं में खर्च कम करने तथा बचत के लिए सरकार यह योजना लेकर आयी है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सरकार कितना भी खर्च करने से पीछे नहीं हटेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.