लखनऊ। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद नेअ उप्र विधान मण्डल के दोनों सदनों को संयुक्त रूप से संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विधान मण्डल के सदस्यों से विशेष बात कही। उन्होंने कहा कि विधानमंडल लोकतंत्र का मंदिर होता है। जनता आप सबको अपना भाग्य विधाता मानती है।
प्रदेश की जनता को आप सब से बहुत सी उम्मीदें, अपेक्षाएं हैं। उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही आपका सबसे महत्वपूर्ण कर्तव्य है।
राष्ट्रपति ने कहा कि आपकी जनसेवा के दायरे में सभी नागरिक शामिल हैं। चाहे उन्होंने आपको वोट दिया हो या न दिया हो। इसलिए हर व्यक्ति के हित में कार्य करना आपकी जिम्मेदारी है। मैं यह भी कहना चाहूंगा कि अपनी संवैधानिक शपथ आप सभी अपने अपने क्षेत्रों के अलावा पूरे प्रदेश के लिए ही नहीं अपितु पूरे देश के लिए कार्य करने के लिए वचनबद्ध हुए हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी के अथक परिश्रम से उत्तर प्रदेश शीघ्र ही हर तरह से उत्तम प्रदेश बनेगा।
उन्होंने कहा कि जब देश का सबसे बड़ा राज्य प्रगति के उत्तम मानकों को हासिल करेगा तो स्वत: ही देश विकास के सम्बल को प्राप्त होगा।
मंह आशा करता हूं कि आज के 25 वर्ष बाद जब देश के लोग आजादी के 100 वर्ष पर उत्सव मना रहे होंगे तब उत्तर प्रदेश विकास के मानकों पर भारत के अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित हो चुका होगा और हमारा देश विश्व समुदाय में विशिष्ट देशों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा होगा।