किशोर बोले आगे बढ़े या दून में ही हो विधानसभा सत्र

किशोर ने संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को पत्र लिखा

 कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा से भी इस बारे में की बात 
देहरादून। भाजपा के टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने भराड़ीसैंण में आहूत आगामी विधान सत्र को आगे बढ़ाने या फिर सत्र देहरादून में ही करने की मांग की है।
बता दें कि इसके पहले बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद भी ऐसी ही मांग कर चुके हैं। किशोर उपाध्याय ने संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को पत्र लिखा है और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा से भी बात की है।
अपने पत्र में किशोर उपाध्याय ने कहा है कि इस समय चार धाम यात्रा अपने चरम पर है। कुछ छोटी-मोटी शिकायतों के अलावा यात्रा का प्रबन्ध कुशलता से हो रहा है। इसी अवधि में राज्य सभा  का चुनाव भी प्रस्तावित है और वह देहरादून में सम्पन्न होना है।इन दिनों राज्य में मौसम भी अनिश्चित सा रहता है। 2013 में इन्हीं दिनों के आस-पास प्रदेश भीषण त्रासदी व तबाही से गुजरा था।
किशोर उपाध्याय ने कहा कि उन्होंने इस बाबत कुछ विधायकों, नौकरशाहों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी विचार विमर्श किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी अपनी चिन्ताआें से अवगत कराया है।
पुलिस अधिकारी तो चार धाम यात्रा व विधान सभा सत्र के लिए अत्यंत चिन्तित हैं। दोनों महत्वपूर्ण कार्यों की व्यवस्था कैसे होगी बल्कि लगभग असमर्थता सी व्यक्त कर रहे हैं। ऐसे में  राजनीतिक क्षेत्र के लोग बिल्ली के गले में घंटी कौन बांधेगा मानसिकता से ग्रस्त हो जाते हैं, समीचीन और लोक हित में क्या है समझते हुए भी उस पर मौन हो जाते हैं।
किशोर उपाध्याय ने  सुझाव दिया है कि या तो विधान सभा के इस सत्र की तिथि आगे बढ़ायी जाय या फिर सत्र का आयोजन देहरादून में ही किया जाय।
बता दें कि शुक्रवार को संसदीय कार्यमंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने जब चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की थी तो  पुलिस उपमहानिरीक्षक केएस नगन्याल ने कहा था कि चारधाम यात्रा प्रचंड रूप से चल रही है।
उन्होंने यात्रा मार्ग पर भीड़ को देखते हुए सुझाव दिया था आगामी विधानसभा का प्रस्तावित सत्र गैरसैंण के समय व स्थान पर विचार किया जाए। बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक कार्मिक पी रेणुका देवी ने बताया कि वर्तमान में पुलिस भर्ती चल रही है, ऐसे में अधिकांश पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भर्ती शिविर में लगी हुई है।

Leave a Reply