हाईटेंशन लाइन से झुलसे मासूम जुड़वा भाईयों ने दम तोड़ा ,हादसे के बाद से अस्पताल में चल रहा था उपचार 

देहरादून। दो दिन पहले बनियावाला में छत पर खेलते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए 7 साल के जुड़वा भाईयों ने आज उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बनियावाला क्षेत्र के सेवली गांव नंदन एन्क्लेव में मासूम बच्चों प्रिंस और गोलू पुत्र शेर सिंह बिष्ट के साथ यह हादसा हुआ था।
हादसे के दौरान दोनों घर की छत पर पानी के पाइप से खेल रहे थे। 
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चों की मां पानी की मोटर चलाकर छत की सफाई कर रही थी। इसी दौरान बिजली चली गई। कुछ देर बाद बिजली आते ही मोटर चालू होने पर पानी के पाइप में तेजी से पानी निकलने लगा।
पानी की धार पास ही 132 केवी माजरा-झाझरा लाइन पर गिरने लगी। जिससे दोनों भाई पानी के संपर्क में आने से करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से बुरी तरह झुलसे दोनों मासूम भाईयो को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
शुक्रवार सुबह दोनों बच्चों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। हादसे के अगले ही दिन दोनो का जन्मदिन था। घर में दोनों के जन्मदिन की तैयारियां चल रही थी। बच्चों की मौत के बाद से परिजन बेहद सदमें में हैं। पुलिस मामले में जरूरी कार्यवाही कर रही है।

Leave a Reply