मौसम विभाग की चेतावनी: छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर समेत अन्य जिलों में अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का आगमन हो चुका है और राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम ने अपना रुख बदलना शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर सहित आसपास के इलाकों में रविवार को हुई भारी बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। अब मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर और अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने 16 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा और अंधड़ चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि, प्रदेश में अभी तक बारिश का आंकड़ा पिछले वर्षों की तुलना में कम रहा है, अब तक केवल 3.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश में वृद्धि की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने तापमान 28°C से 38°C के बीच रहने का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और उसके समीपवर्ती क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हो गया है, जिससे प्रदेश में मानसून को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बन रही हैं। इसी कारण, आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के भीतर कुछ स्थानों पर अति भारी वर्षा, मेघ गर्जन और तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव में 39.0°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग में न्यूनतम तापमान 24.6°C रहा। रायपुर में 16 जून को आकाश सामान्यतः मेघमय रहेगा, और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग की चेतावनी के तहत, राज्य के लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.