असम दौरे पर पहुंचे शाह , भारत-बंगलादेश सीमा का करेंगे दौरा

गुवाहाटी। असम के मनकाचर में भारत-बंगलादेश सीमा का दौरा करेंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।अपने  तीन दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे है केंद्रीय गृह मंत्री।

शाह के गुवाहाटी पहुंचने पर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा तथा भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। वह असम में दूसरी भाजपा नीत सरकार की पहली वर्षगांठ समारोह में भी भाग लेंगे।

शर्मा ने ट्वीट कर कहा, आदरणीय गृह मंत्री अमित शाह का एलजीबीआई एयरपोर्ट, गुवाहाटी में स्वागत कर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। आदरणीय गृह मंत्री  अगले दो दिन में असम में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।

सीमा सुरक्षा बल की मनकाचर सीमा चौकी के दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री वहां तैनात अधिकारियों से बातचीत करेंगे। वह तामुलपुर जिले के केलेंची में केंद्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बल के लिए सेनवोस्टो-द्वितीय की आधारशिला रखेंगे और नींव रखे जाने के समारोह में भी भाग लेंगे।

शाह बाद में शाम को कामरूप जिले के अमिनगांव में जनगणना कार्यालय तथा गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सुपरस्पेशलिटी कार्डियोथोरेसिक एंड न्यूरोसाइंसेज सेंटर का उद्घाटन करेंगे।

वह मंगलवार को गुवाहाटी में एक समारोह में असम पुलिस को ‘प्रेसीडेंट्स कलर’ भेंट करेंगे तथा बल के अधिकारियों और कर्मियों के साथ बातचीत भी करेंगे। इसके बाद वह श्री शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार के एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.