पार्टी चुनाव में सारस्वत को सौंपी गई समन्वय की जिम्मेदारी

केंद्रीय नेताओं एवं प्रदेश चुनाव अधिकारियों के साथ करेंगे समन्वय

देहरादून। कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कांग्रेस के संगठनात्मक चुनावों में समन्वय की जिम्मेदारी महामंत्री संगठन विजय सारस्वत को दी है। सारस्वत केंद्रीय नेताओं एवं प्रदेश चुनाव अधिकारियों के साथ समन्वय करेंगे।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने बताया कि प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक चुनाव गतिमान हैं। जिसके लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से नियुक्त पीआरओ सांसद जीसी चन्द्र शेखर, एपीआरओ जयशंकर पाठक एवं एपीआरओ मनोज भारद्वाज के साथ समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई।

उन्होंने कहा कि विजय सारस्वत प्रदेश में होने वाले पार्टी के संगठनात्मक चुनाव में सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों के साथ-साथ अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के साथ लगातार संपर्क कर निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने में सहयोग करेंगे।

विजय सारस्वत इससे पूर्व भी यशपाल आर्य के अध्यक्षीय कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री एवं तत्कालीन पीआरओ मुकुट मिथि तथा प्रीतम सिंह के अध्यक्षीय कार्यकाल में हुए पार्टी संगठनात्मक चुनाव में तत्कालीन पीआरओ पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल के साथ समन्वय की जिम्मेदारी का निर्वहन कर चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.