मोदी की भ्रष्टाचार मुक्त राजनीति से भयभीत है विपक्ष : भाजपा

नयी दिल्ली। भाजपा  प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी मुख्यालय में कहा कि विपक्षी दल देशवासियों के सवालों के जवाब नहीं दे पा रहे हैं और खुद को पाक साफ दिखाने के लिए अपील कर रहे हैं। भाटिया ने कहा कि उनकी पार्टी के अध्यक्ष नड्डा ने एक बड़ी महत्वपूर्ण चिट्ठी देशवासियों के नाम लिखी है। इसमें प्रमुखता से कुछ मुद्दे उठाए गए हैं। ये सवाल केवल भाजपा के नहीं है बल्कि आज ये सवाल देशवासियों के मन में हैं।

उन्होंने कहा कि अभी दो दिन पहले विपक्षी पार्टियों ने एक चिट्ठी जारी की थी जिसके लिए ये कहना ये गलत नहीं होगा- ‘खोटी अपील, खोटी नियत, खोटी कांग्रेस और खोटा विपक्ष’ उस चिट्ठी में भारत के नागरिकों का अपमान किया जा रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस चिट्ठी में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रमुखता से यह सवाल पूछा है कि कांग्रेस करौली, राजस्थान पर चुप्पी क्यों साधे हुए है। देश यह भी पूछ रहा है कि ऐसी क्या मजबूरी है कि मतलूब अहमद जरूरी है। वह बतौर मुख्य आरोपी नामजद है। 16 दिन हो चुके हैं, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि चाहे पश्चिम बंगाल हो, झारखंड हो, राजस्थान हो और महाराष्ट्र में भी हम देख रहे हैं कि क्या हो रहा है। ये विपक्षी दल अपील तो करते हैं लेकिन जो प्रमुख सवाल है उसका उत्तर नहीं देते हैं। भाटिया ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हैं।

लेकिन उस अपील में वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी हैं। जिसकी जवाबदेही है वो हस्ताक्षर कर रहा है और आरोप लगा रहा है। लेकिन संविधान की शपथ लेकर जिस जिम्मेदारी का निर्वहन उन्हें करना है, वह नहीं कर रहे।

उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी की एक दूरदर्शी सोच है कि देश का हित कैसे हो, देश आगे कैसे बढ़े! दूसरी तरफ तुच्छ राजनीति करते हुए कांग्रेस की विपक्षी पार्टियों की सोच है कि हमारा भला कैसे हो, हम सत्ता में कैसे आएं, हमें देश से कोई लेना-देना नहीं है।

उन्होंने कहा कि विश्व में कईं ऐसे देश हैं जो कोविड़ महामारी के इस समय में कईं परेशानियों का सामना करते हुए कमजोर हुए। वहीं भारत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस महामारी के संकट में भी मजबूत होकर उभरा है और पूरे विश्व को दिशा देने का काम भी भारत ने किया है। उन्होंने कहा कि देश में आज आत्मविश्वास, प्रगति और नई ऊर्जा का माहौल है। लेकिन विपक्षी दल डरे हुए हैं, क्योंकि उनकी साम्प्रदायिक राजनीति का अंत हो गया है।

वो इसलिए डरे हुए हैं क्योंकि उन्हें पता है कि वो जो भ्रष्टाचार करते थे, उस राजनीति का अंत होने जा रहा है। श्री भाटिया ने कहा कि कांग्रेस भूल जाती है कि सबसे ज्यादा दंगे अगर किसी के शासन में हुए तो वो कांग्रेस पार्टी के शासन में हुए हैं। जब खुद कटघरे में खड़े होते हैं तो दु:ख की बात है कि उसको सही कैसे ठहराते हैं इसका सबसे दुर्भाग्यपूर्ण उदाहरण कोई है तो दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक न्याय पखवाड़ा मना रही है। इसमें आज का विषय स्वच्छ भारत मिशन है। 02 अक्टूबर, 2014 को महात्मा गांधी के जन्मदिन पर इस सोच को प्रधानमंत्री मोदी ने आगे बढ़ाया और देश को समर्पित किया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देश में 11.5 करोड़ से ज्यादा घरों को शौचालय मिल चुके हैं।

58 हजार गांव और 3,300 से अधिक शहर खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ प्लस) योजना से लाभान्वित हुए हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के लिए 2022-23 के बजट में 7192 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन शहरी के लिए 2021 से 2026 यानि 5 साल की अवधि में एक लाख 41 हजार 678 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता अब देश की पहचान बन रही है। विश्व में बढ़ रहा भारत का सम्मान। देश के सभी गांव और शहर खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं, स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत देश भर में 11.5 करोड़ से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं।

Leave a Reply