काठगोदाम से मुंबई के लिए नियमित ट्रेन की मांग

नैनीताल । केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने केन्द्र सरकार से काठगोदाम से मुंबई के लिए नियमित ट्रेन चलाए जाने की मांग की है। रेल मंत्री अश्विन वैष्णव को पत्र लिखकर भट्ट ने कहा है कि रेलवे द्वारा काठगोदाम से मुंबई तक ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक ट्रेन का संचालन किया जा रहा है।

काठगोदाम कुमाऊं का प्रवेश द्वार है। यहां पर्वतीय क्षेत्रों के दूरदराज के लोग यात्रा हेतु आते हैं। नैनीताल से मुंबई और मुंबई से उत्तराखंड आने वाले यात्रियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है।

लिहाजा काठगोदाम से मुंबई को नियमित ट्रेन ना होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पत्र में आगे कहा गया है कि उत्तराखंड के अलावा नेपाल के यात्री भी यहाँ से यात्रा करते हैं।

वर्तमान में काठगोदाम से मुंबई के लिए साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन ट्रेन संचालित होने वाली है, इस ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक ट्रेन को नियमित चलाने से कुमाऊं भर के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा करने में आसानी होगी, इसलिए जन भावनाओं के अनुरूप काठगोदाम से मुंबई तक ग्रीष्मकालीन ट्रेन को नियमित चलाया जाना बेहद आवश्यक है।

Leave a Reply