After Header-1

योगी ने की कानून व्यवस्था की समीक्षा, कहा- काशी पर देश-दुनिया की नजर

लखनऊ।  कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के लोकार्पण के पश्चात यहां पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। आज काशी पर देश-दुनिया की नजर है।

श्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप वाराणसी क्षेत्र में विकास एवं निर्माण कार्य संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिये कि जिला प्रशासन एवं कार्यदायी संस्थाएं आपसी समन्वय से निर्धारित समय में पूर्ण गुणवत्ता के साथ सभी विकास कार्यों को पूर्ण कराएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के कोरोना प्रबंधन की सराहना देश एवं विश्व में हुई है। अब स्कूल-कॉलेज खुल चुके हैं। इसलिए 15 से 17 आयु वर्ग के बच्चों के वैक्सीनेशन कार्य के लक्ष्य को अभियान चलाकर पूर्ण किया जाए।

आज से प्रदेशव्यापी ‘संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान’ आरम्भ हो गया है, जिसके अन्तर्गत स्वच्छता, साफ-सफाई एवं फॉंगिंग की व्यवस्था प्रभावी तरीके से लगातार की जाए। नमामि गंगे परियोजना के कार्यों को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए।

योगी ने कहा कि प्रदेश में 01 अप्रैल से एमएसपी के तहत गेहूं खरीद का कार्य प्रारम्भ हो गया है। गेहूं क्रय केंद्रों को पूरी तरह प्रभावी रखा जाए और क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो। उन्होने कहा कि चार अप्रैल से ‘स्कूल चलो अभियान’ संचालित किया जाएगा।

कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र के विद्यालयों को गोद लें। सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में भी सुशासन, सुरक्षा, सुव्यवस्था एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्व की भांति ही भ्रष्टाचार, अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनायी जाए।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.