After Header-1

नीतीश ने बिहार को फिसड्डी राज्य बना दिया : तेजस्वी यादव

पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने समस्तीपुर जिले के मोहनपुर में स्थानीय निकाय के चुनाव में राजद उम्मीदवार रोमा भारती के पक्ष में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधीत किया।

यादव ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार सभी मोर्चे पर विफल है। तेजस्वीने  कहा कि कुमार के 17 वर्षों के शासनकाल में बिहार एक फिसड्डी राज्य बन गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधि व्यवस्था की हालत लगातार खराब हो रही है। हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार व्याप्त है। यह डबल इंजन नहीं बल्कि ट्रबल इंजन की सरकार है। यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार की जनता एवं जनप्रतिनिधियों की चिंता नहीं है।

कुमार को केवल अपनी कुर्सी बचाये रखने की चिंता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार में अफसरशाही चरम पर है जिस कारण चुने हुए जनप्रतिनिधियों को जो मान-सम्मान मिलना चाहिए वह नहीं मिल रहा है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून पूरी तरह विफल हो चुका है। शराबबंदी पर बार-बार कानून में बदलाव करना यह दर्शाता है कि यह कानून पूरी तरह विफल है।

उन्होंने दावा किया कि बिहार में स्थानीय निकाय के हो रहे विधान परिषद् के चुनाव में राजद-महागठबंधन प्रदेश के सभी चौबीस सीट पर जीत दर्ज करेगी।

इस अवसर पर राजद के प्रधान महासचिव सह विधायक आलोक कुमार मेहता, माकपा विधायक दल के नेता अजय कुमार, राजद विधायक अख्तरुल इस्लाम शाहिन, रणविजय साहू, राजद की पूर्व विधायक व एमएलसी उम्मीदवार रोमा भारती, राजद की प्रदेश प्रवक्ता ऐज्या यादव, पूर्व विधायक अशोक प्रसाद वर्मा, राजद के प्रदेश महासचिव प्रेमप्रकाश शर्मा एवं राजद जिलाध्यक्ष राजेंद्र सहनी समेत महागठबंधन के अन्य नेता उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.