After Header-1

सत्ता में आने पर पुरानी पेंशन योजना पर आगे बढ़ेगी सरकार: गोदियाल

राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने कांग्रेस के घोषणा पत्र में इस मांग को शामिल करने पर जताया आभार

देहरादून। राजस्थान सरकार की ओर से पुरानी पेंशन बहाल करने के फैसले से प्रदेश के कर्मचारियों में पुरानी पेंशन बहाल होने की उम्मीद जगी है। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत ने राजस्थान सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक बनाते हुए स्वागत किया है। मोर्चा ने उम्मीद जताई है कि पूरे देश में भी इसी तरह सरकारें पुरानी पेंशन बहाल करेगी।
बृहस्पतिवार को राजीव भवन में राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का सबसे पहले पुरानी पेंशन बहाल करने की बात कहने और कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र में शामिल करने पर गुलदस्ता देकर आभार जताया।
उन्होंने प्रदेश में सरकार बनने की स्थिति में पहले विधानसभा सत्र में कांग्रेस की ओर से पुरानी पेंशन बहाली के प्रस्ताव को लाने और उसे सर्वसम्मति से पारित होने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के विधायक मंत्री पुरानी पेंशन बहाली को सही नहीं कर रहे वे स्वयं पेंशन लेना बंद करें।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा सत्ता में आने पर कांग्रेस राजस्थान की सरकार की तर्ज पर पुरानी पेंशन योजना पर आगे बढ़ेगी। उन्होंने कर्मचारी-शिक्षकों को आश्वस्त किया कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कर्मचारियों की सभी समस्याओं को प्रमुखता से शामिल किया है। प्रदेश में सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना को राज्य में लागू करने का काम किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.