यूपी के सीएम योगी ने कहा-12 बजे सोकर उठते थे अखिलेश यादव

लखनऊ । यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सरकार के समय मुख्यमंत्री 12 बजे सोकर उठते थे और फिर अपनी मित्रमंडली में व्यस्त हो जाते थे, जनता के लिये उनके लिये समय ही नहीं था।

भाजपा प्रत्याशी राजेश्वर  के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुये योगी ने कहा कि 2017 के पहले भय, दहशत, दंगा, कर्फ्यू उत्तर प्रदेश की पहचान थी।  प्रदेश के अंदर जब दंगे होते थे तो महीनों महीनों कर्फ्यू लगता था। अराजकता का बोलबाला था। प्रदेश की 25 करोड़ जनता के विकास के बारे में सपा के पास कोई कार्ययोजना नहीं थी। कार्ययोजना होती भी कैसे।

उस समय के मुख्यमंत्री 12 बजे सोकर उठते थे। दो बजे तक तैयार होते थे। चार बजे तक उनकी मित्रमंडली आ जाती थी तो प्रदेश के लिए तो उनके पास समय था ही नहीं। मुलायम की बहू अपर्णा यादव की मौजूदगी में अखिलेश के चाचा शिवपाल यादव पर निशाना साधते हुये उन्होने कहा, चाचा वसूली में बड़े माहिर थे, कोई नियुक्ति निकलती थी महाभारत के सारे रिश्ते वसूली में निकल पड़ते थे।

चाचा-भतीजों के महाभारत के ये जितने रिश्ते थे। कहीं देखने हैं तो ये समाजवादी पार्टी के अंदर देखने को मिल जाएंगे। इसलिए मैं धन्यवाद दूंगा अपर्णा यादव को कि समय रहते उन्होंने अपने को वहां से अलग कर लिया।  उन्होने कहा कि पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश में बेटियां स्कूल नहीं जा सकती थीं। सूर्यास्त से पहले हर व्यापारी अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान को बंद करके अपने घरों को जाने के लिए मजबूर था।

व्यापारी पलायन कर रहा था। सत्ता के संरक्ष्राण में पेशेवर दंगाई और माफिया प्रदेश के अंदर फलफूल रहे थे। आज वहीं उत्तर प्रदेश प्रदेश पांच वर्ष के बाद भय से मुक्त है, दंगों से मुक्त है, कर्फ्यू से मुक्त है, अराजकता से मुक्त है। अब उत्तर प्रदेश में कर्फ्यू नहीं शानदार कांवड़ यात्रा निकलती है। योगी ने कहा कि ये वही उत्तर प्रदेश है जहां बड़े बड़े माफिया सत्ता के शागिर्द बनते थे। उसका कोई बाल बांका नहीं कर पाता था। भाजपा सरकार केवल विकास ही नहीं कराती है, हमारी सरकार ने  बुलडोजर का भी इस्तेमाल किया जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.