उत्तराखंड में मतदान कल, पर्यटकों की आवाजाही पर प्रतिबंध नहीं, खुली रहेंगी दुकानें

देहरादून। उत्तराखंड में कल विधानसभा चुनाव है। मतदान के दिन कर्फ्यू जैसे हालात नहीं रहेंगे। व्यापारिक प्रतिष्ठान के साथ होटल और दुकानें खुली रहेंगी। सड़कों पर वाहन चलेंगे तथा पर्यटकों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध नहीं रहेगा। प्रशासन की ओर से यह कदम पहली बार उठाया गया है।कुमाऊं के पुलिस उपमहानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने रविवार को यह जानकारी दी।

प्रदेश की सीमाओं पर रहेगी कड़ी चौकसी

संवाददाताओं से बातचीत करते हुए भरणे ने कहा कि प्रदेश की सीमाओं पर कड़ी चौकसी रहेगी तथा सोमवार शाम से ही सीमाएं सील कर दी जायेंगी। मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश रहेगा, लेकिन व्यापारिक प्रतिष्ठान तथा यातायात हर रोज की तरह से सुचारू  रहेगा।

उन्होंने बताया कि मतदान के दिन पर्यटकों की आवाजाही को भी प्रतिबंधित नहीं किया गया है। प्रत्याशियों को आने-जाने के लिये पूर्व अनुमति पर निर्धारित वाहनों की अनुमति दी गयी है। इसके अलावा सभी शासकीय तथा गैर शासकीय कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान, बैंक व सभी प्रकार के कार्यालय बंद रहेंगे। सार्वजनिक परिवहन सुचारू रहेगा। लोग आवश्यक होने पर निजी वाहनों से यात्रा कर सकेंगे,  लेकिन इसके लिये प्रमाण दिखाना जरूरी है। शराब की दुकानें बंद रहेंगी।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

डीआईजी ने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिये सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि चुनाव सम्पन्न कराने के लिये 4000 से अधिक पुलिस कर्मियों के साथ ही साथ अर्द्ध सैनिक बलों की 51 कंपनियां और पीएसी की आठ कंपनियां तैनात रहेंगी। इनके अलावा नौ हजार पीआरडी तथा होमगार्ड के जवान भी सुरक्षा में तैनात रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.