भारतरत्न लता मंगेशकर की हालत फिर हुयी नाजुक

मुंबई। भारतरत्न स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर की हालत फिर नाजुक हो गई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। कोरोना संक्रमण के कारण स्वर कोकिला लता मंगेशकर को आठ जनवरी को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।

बीच में उनकी तबीयत में सुधार हुआ था लेकिन आज दोबारा उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी। रिपोर्ट के अनुसार लता मंगेशकर का हाल जानने के लिए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे आज अस्पताल पहुंचे थे और थोड़ी देर पहले मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी अस्पताल जाकर उनका हालचाल पूछा।

डाक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। लता मंगेशकर 92 वर्ष की हैं, इसलिए उन्हें उम्र संबंधी अन्य समस्याएं भी हैं। इस बीच देश भर में उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना और दुआएं की जा रही हैं।

अपने सात दशक के लंबे करियर में लता मंगेशकर ने कई भारतीय भाषाओं में 30,000 से अधिक गीत गाए हैं। लता मंगेशकर को सर्वोच्च भारतीय नागरिक सम्मान भारत रत्न, पद्म भूषण, पद्म विभूषण, दादा साहब फाल्के अवॉर्ड और अन्य दर्जनों पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.