लडक़ी हूं, लड़ सकती हूं, प्रियंका का युगान्तकारी नारा : हरीश रावत
हरदा ने किया घोषणा पत्र को अक्षरश: लागू करने का वादा
देहरादून। पूर्व सीएम व कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा है कि इंदिरा ने जिस तरह गरीबी हटाने का युगान्तकारी नारा दिया था, ठीक उसी तरह प्रियंका गांधी ने लडक़ी हूं, लड़ सकती हूं’ का युगान्तकारी नारा दिया है।
रावत ने कहा कि इंदिरा गांधी के नारे को आज तक चल रही सरकारें प्रमुखता से लेती है और गरीबों के कल्याण के लिए न केवल योजनाएं बनाती है और उन पर काम भी करते हैं। उन्होंने कहा कि इसी तरह प्रियंका का नारा आज की परिस्थितियों में जब नारी शक्ति को सशक्त करने की जरूरत महसूस की जा रही है बहुत ही प्रासंगिक है और इन दोनों नारों के साथ आगे चलकर 21वीं सदी का निर्माण होगा।
नारी ही जीवन का आधार व पहचान है। उत्तराखण्ड महिला शक्ति व वीरों का राज्य है। रावत ने कहा कि सरकार बनने पर कांग्रेस घोषणा पत्र को प्राण प्रण से लागू करेगी तता घोषणा पत्र के हर वादे को पूरा करेंगे।
उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि खनन प्रेमी भाजपा सरकार ने भू कानून को बदल कर पहाड़ की संस्कृति को बदलने का काम किया।
बाद में उन्होंने घोषणा पत्र के प्रमुख विंदुओं को पत्रकारों के सामने रखा और वादा किया कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र के चार पुष्प पहले बता दिये थे और अन्य वायदों पर भी सरकार गंभीरता से काम करेगी।
रावत ने कहा कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र बहुत सोच समझकर बनाया है और कोशिश की है कि राज्य के तीब्र विकास के लिए जो भी जरूरी हो वह इसमें रखा जाए। उन्होंने कहा कि यह घोषणा पत्र राज्य की मजबूत नींव डालने के लिए काफी सोच समझकर लाया गया है।
उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार उत्तराखंड की जनता इस बार कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका दे रही है।