महिला शक्ति के साथ एकजुट होकर परिवर्तन की लड़ाई लड़ेगी पार्टी : प्रियंका

नयी दिल्ली। महिला शक्ति को देश में बदलाव के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी महिला शक्ति के साथ एकजुट होकर परिवर्तन की लड़ाई लड़ेगी और इसके लिए आवाज बुलंद करेगी।

श्रीमती वाड्रा ने फेसबुक के जरिए जनता से संवाद करते हुए कहा कि समाज में बदलाव लाने के लिए महिलाओं की भूमिका अहम है और उनकी पार्टी पूरी तरह से महिलाओं कि लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। उनका कहना था कि महिला शक्ति की एकजुटता ही देश की राजनीति को बदल सकती है और अब महिला शक्ति को एकजुट होकर अधिकारों की लड़ाई लड़नी होगी।

उन्होंने कहा,‘‘हम महिला शक्ति के साथ एकजुटता के साथ खड़े रहेंगे,उनकी लड़ाई लड़ते रहेंगे। कांग्रेस पार्टी महिला शक्ति के साथ है और कांग्रेस महिला शक्ति की लड़ाई को अग्रणी होकर लड़ेगी।’’ वर्तमान समय में उनकी पसंदीदा महिला राजनेता के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न को अपनी पसंद की राजनेता बताते हुए कहा कि उनमें वह सब गुण हैं जो एक महिला में होने चाहिए।

उनकी नीतियां बहुत अच्छी है और वह निरंतर लोगों से संवाद करती है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री और अपनी दादी इंदिरा गांधी का भी नाम लिया और कहा कि अगर पहले की बात करो तो वह उनकी आदर्श हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्होंने किसानों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए इसे उनकी संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी बताया है। उनका कहना था कि लखीमपुर खीरी नरसंहार में गृह राज्यमंत्री की भूमिका की जांच करवाएं और उन्हें तुरंत बर्खास्त करें।

श्रीमती वाड्रा ने नफरत को लेकर पूछे गए एक सवाल के उत्तर में कहा कि नफरत के दौर को परिवर्तन की आंधी हराएगी और अब प्रेम-भाईचारे वाली राजनीति ही देश में परिवर्तन लाएगी।

Leave a Reply