अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा में बौखलाहट के हालात

लखनऊ । अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में जनता के आक्रोश और अपनी हार से डरी भाजपा में बौखलाहट के हालात हैं।

अखिलेश ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति पर भाजपा के झूठ अब जनता को स्वीकार्य नहीं है। भाजपा के छोटे-बड़े नेता दावे चाहे जितने करें पर सच्चाई यह है कि उनके राज में कहीं कोई सुरक्षित नहीं है। प्रशासन पूरी तरह पंगु है।

महिलाएं अपमानित है। फेक इन्काउंटर और पुलिस हिरासत में मौतों का सिलसिला जारी है। न्यूयॉर्क की तर्ज पर समाजवादी सरकार ने 100 नंबर यूपी डायल सेवा शुरू की थी जिसमें सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंचती।

भाजपा ने इस सेवा का नम्बर बदलकर 112 कर दिया और उसकी व्यवस्थाएं चौपट कर दी। बीमारों को अस्पताल पहुंचाने के लिए समाजवादी 108 नंबर एम्बूलेंस सेवा शुरू की गई थी। वह सेवा भी अब भरोसे की नहीं रही।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन बनी अब वहां भी समय से सुनवाई और कड़ी कार्यवाही नहीं होती है। उन्होने कहा कि किसान-मजदूर और नौजवान भाजपा राज में सर्वाधिक प्रताड़ित और अपमानित हैं।

किसान की आय दुगनी होना तो दूर की बात उनका धान भी एमएसपी पर नहीं खरीदा जा रहा है। कई सरकारी क्रय केन्द्रों में ताला तक नहीं खुलता है। प्रदेश में निवेश आने के तमाम दावों का झूठ इसी से पता चलता है कि अभी तक कहीं कोई उद्योग नहीं लगा। एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ।

नौजवानों को रोजगार नहीं मिला। सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार के चलते उनकी जिन्दगी अंधेरे में है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के अब तक के कार्यकाल में लोगों की जिन्दगी और युवाओं के भविष्य के साथ सिर्फ खिलवाड़ हुआ है। महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ रखी है।

इससे एक बड़ी आबादी के सपने टूट गए हैं। भाजपा राज जैसी अंधेर गर्दी कभी देखने को नहीं मिली। भाजपा सरकार की कुनीतियों से आक्रोशित जनता 2022 के चुनावों में उसको करारा जवाब देगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.