वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन, बेटी मल्लिका दुआ ने दी जानकारी

नयीदिल्ली । वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ का निधन हो गया है। उनकी बेटी मल्लिका दुआ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह जानकारी दी है। विनोद दुआ का अंतिम संस्कार रविवार को होगा।

विनोद दुआ के निधन कि खबर से पूरे पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ उठी है।

हिंदी पत्रकारिता के जाने-माने चेहरे रहे दुआ ने दूरदर्शन और एनडीटीवी समेत अन्य कई संस्थानों में काम किया। पिछले काफी दिनों से उनकी तबियत खराब थी। वे अपोलो अस्पताल में आईसीयू में भर्ती थे।

विनोद दुआ इलेक्ट्रानिक मीडिया के पहले पत्रकार रहे, जो प्रतिष्ठित रामनाथ गोयनका एक्सीलेंस इन जर्नलिज्म अवार्ड से सम्मानित हुआ।

साल 2008 में उन्हें भारत सरकार ने पत्रकारिता के लिए पद्म श्री अवार्ड से सम्मानित किया था।

मुंबई प्रेस क्लब ने साल 2017 में उन्हें रेडइंक पुरस्कार से सम्मानित किया था। यह सम्मान उन्हें पत्रकारिता में उनकी जीवन भर की उपलब्धि के लिए दिया गया था। महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें यह सम्मान दिया था।

दिल्ली के हंसराज कालेज से अंग्रेजी साहित्य में विनोद दुआ ने डिग्री के साथ-साथ स्नातक की उपाधि प्राप्त की।
उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से साहित्य में मास्टर डिग्री हासिल की।
एनडीटीवी का शो जायका इंडिया को काफी पसंद किया जाता, जिसे वो होस्ट करते थे। बता दें कि देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर के दौरान विनोद दुआ और उनकी पत्नी पद्मावती ‘चिन्ना’ दुआ कोरोना से संक्रमित हो गए थे। इस दौरान दोनों की तबियत बहुत ज्यादा खराब हो गई थी। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
उनकी पत्नी का 12 जून को निधन हो गया था। विनोद दुआ की हालत तभी से खराब थी। 

Leave a Reply