मौसम का रहा साथ, पीएम मोदी की रैली में भीड़ जुटी अपार

भाजपाईयों को उम्मीद इस बार के विस चुनाव में भी होगा बेड़ा पार

देहरादून मौसम का साथ रहा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित विजय संकल्प रैली में अपार भीड़ जुटी। रैली में जगह-जगह से भाजपा कार्यकर्ता का हुजूम देख भाजपा का प्रांतीय नेतृत्व भी गद्गद है।
यद्यपि पीएम मोदी की रैली में जुटी भीड़ का सही-सही आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, पर जिस तरह परेड मैदान और इसके आसपास लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था उससे कहा जा सकता है कि 5 हजार से अधिक लोग तो जुटे ही थे।
यानी दिसंबर 2016 में इसी मैदान में पीएम मोदी की मौजूदगी में हुई भाजपा की परिवर्तन रैली की ही तरह इस बार भी अपार भीड़ जुटाने में भाजपाई सफल रहे।
कुल मिलाकर भाजपा ने आगामी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है।
चुनाव से पहले हुई पहली बड़ी रैली में जुटी भीड़ को देख पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि इस बार भी भाजपा का बेड़ा पार लगने से कोई रोक नहीं पाएगा। याद हो कि पिछले विस चुनाव से ऐन पहले पीएम मोदी ने परेड ग्राउंड में हुई परिवर्तन रैली में जो हुंकार भरी थी उसका परिणाम रहा कि उत्तराखंड में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला।
तब कांग्रेस राज्य की सत्ता में थी और हरीश रावत मुख्यमंत्री।
लेकिन इस बार सत्ता पर भाजपा काबिज है और युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथ सरकार की बागडोर। भाजपा पहले ही इस बार 60 पार का नारा देकर चुनाव में उतरने का ऐलान कर चुकी है।
अब पार्टी आलाकमान के दिग्गज भी मैदान में उतरने लगे हैं। अगले कुछ दिन बाद पीएम मोदी कुमाऊं में भी रैली करने जा रहे हैं। ऐसे में फिलवक्त भाजपाईयों के हौसलें बुलंद हैं। जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस में अब भी एकजुटता का अभाव दिख रहा है। अलग-अलग छत्रपों में बंटी कांग्रेस के सामने भाजपा के विजयरथ को रोकने की बड़ी चुनौती खड़ी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.