प्रधानमंत्री ने किया बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन

रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उदघाटन किया।

रांची में आयोजित समारोह में झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा समेत अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की लड़ाई जल, जंगल और जमीन की रक्षा और भारत की आजादी के लिए थी और उनके संघर्ष के सामने अंग्रेजों ने भी घुटने टेक दिये।

प्रधानमंत्री ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज की पहचान मिटाने की कोशिश के खिलाफ संघर्ष किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे थे, ठीक उसी दौरान बिरसा मुंडा ने गुलामी के खिलाफ लड़ाई का इतिहास लिख दिया था।

धरती आबा बहुत लंबे समय तक इस धरती पर नहीं रहे थे, लेकिन उन्होंने जीवन के छोटे से कालखंड में देश के लिए एक पूरा इतिहास लिख दिया, भारत की पीढ़ियों को दिशा दे दी।

भगवान बिरसा ने समाज के लिए जीवन जिया, अपनी संस्कृति और अपने देश के लिए अपने प्राणों का परित्याग किया।

आधुनिकता के नाम पर विविधता पर हमला, प्राचीन पहचान और प्रकृति से छेड़छाड़, भगवान बिरसा मुंडा जाते थे कि ये समाज के कल्याण का रास्ता नहीं है, वो आधुनिक शिक्षा के पक्षधर थे, वे बदलावों की वकालत करते थे, उन्होंने अपने ही समाज की कुरीतियों के कमियों के खिलाफ बोलने का साहस दिखा।

प्रधानमंत्री ने झारखंड के अन्य स्वतंत्रता सेनानियां सिद्धो-कान्हू, तेलंगा खड़िया, विश्वनाथ शाहदेव, नीलाम्बार-पिताम्बर समेत अन्य शहीदों को याद करते हुए युवाओं, विशेषकर जनजातीय युवाओं से अपील की कि वे धरती से जुड़े है, अपनी मिट्टी के इतिहास को पढ़ते है, उसे देखते-सुनते है और जीते हैं, इसलिए वे शोध करें, किताब लिखे और जनजातीय कला-संस्कृति को देश के जन-जन तक पहुंचाने का काम करें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के इस अमृतकाल में देश ने तय किया है कि भारत की जनजातीय परंपराओं को, इसकी शौर्य गाथाओं को देश अब और भी भव्य पहचान देगा।

इसी क्रम में ऐतिहासिक फैसला लिया गया कि आज से हर वर्ष देश 15 नवंबर यानी भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाएगा। उन्होंने कहा कि आज के ही दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण झारखंड राज्य भी अस्तित्व में आया था।

वाजपेयी ने ही सबसे पहले अलग आदिवासी मंत्रालय का गठन कर आदिवासी हितों को देश की नीतियों से जोड़ा था।

मोदी ने रांची स्थित पुराना जेल परिसर में बने भगवान बिरसा मुंडा स्मृति संग्रहालय को राष्ट्र को समर्पित करते हुए बताया गया कि यहां भगवान बिरसा मुंडा ने अंतिम सांस ली थी, संग्रहालय में जनजातीय नायक-नायिकाओं की आजादी की लड़ाई में योगदान को ना सिर्फ दर्शाया है, बल्कि जनजातीय संस्कृति को भी जीवंत रूप से दर्शाया गया है।

देश के अन्य राज्यों गुजरात, छत्तीसगढ़, केरल, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, गोवा, मणिपुर, मिजोरम और गोवा में भी स्मारक बनकर तैयार हो रहा है।

इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की लड़ाई लड़ी।

उन्होंने कहा कि कई वीर सपूत है, जिनके नाम को आगे ले जाने की जरूरत हैं। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने आनलाइन उदघाटन के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply