After Header-1

न्यूजीलैंड के खिलाफ रोहित शर्मा होंगे भारतीय टी-20 टीम का कप्तान

नयी दिल्ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ रोहित शर्मा को भारतीय टी-20 टीम का कप्तान बनाया गया है । भारतीय टी20 टीम की कप्तानी छोड़ने वाले कोहली को 17 नवंबर से जयपुर में शुरू होने वाली सीरीज के लिए आराम दिया गया है।

भारत की 16 सदस्यीय टीम में इंडियन प्रीमियर लीग 2021 (IPL) में सर्वाधिक रन बनाने वाले रुतुराज गायकवाड़ और सबसे अधिक विकेट चटकाने वाले हर्षल पटेल को भी शामिल किया गया है।

चोटों से परेशान रहने वाले हार्दिक पंड्या के संभावित विकल्प के रूप में देखे जा रहे ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर को भी टीम में जगह मिली है।

टी20 विश्व कप में प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहने के बाद हार्दिक पंड्या को टीम से बाहर कर दिया गया है।

रुतुराज श्रीलंका सीरीज के दौरान भारत की ओर से डेब्यू कर चुके हैं। सीनियर लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की टीम में वापसी हुई है।

टी20 विश्व कप के रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल रहे श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और दीपक चाहर को भी टीम में शामिल किया गया है। रोहित की नियुक्ति महज औपचारिकता थी जबकि खेल के सबसे छोटे प्रारूप में लोकेश राहुल उप कप्तान होंगे। तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को भी इस सीरीज से आराम दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.