उत्तराखंड : चौदह लाख से अधिक की स्मैक के साथ नशे का बड़ा सौदागर गिरफ्तार

नैनीताल। उत्तराखंड में नशे के बड़े सौदागर को चौदह लाख रुपये से अधिक की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है। चंपावत जिले में पुलिस व  एडीटीएफ को आपरेशन क्रेक डाउन के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है।

चंपावत पुलिस के अनुसार जनपद में लंबे समय से नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को बनबसा पुलिस को तबरेज अख्तर पुत्र अफजाल अहमद निवासी ग्राम पंडरी थाना सितारगंज के बारे में जानकारी मिली।

पुलिस को पता चला कि आरोपी बड़े स्तर पर स्मैक का धंधा कर रहा है। वह नेपाल में भी स्मैक की आपूर्ति करता है। इसके बाद टनकपुर पुलिस की ओर से आरोपी पर नजर रखनी शुरू कर दी गयी।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नेपाल में स्मैक की तस्करी करने जा रहा है। इसी दौरान पुलिस ने बनबसा के कैनाल गेट के पास जाल बिछा दिया। आरोपी पुलिस के जाल में फंस गया।

उसके पास से 120.30 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जिसकी कीमत 14.30 लाख रुपये आंकी गयी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पता चला है कि आरोपी उप्र बरेली से स्मैक खरीदकर लाता है और नेपाल, उधमंसिंह नगर व चंपावत जिले के तराई में स्मैक की तस्करी करता है।

आरोपी के खिलाफ बनबसा थाना में मादक द्रव्य अधिनियम में तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इसे बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

चंपावत के पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने बताया कि चंपावत पुलिस की ओर से इस वर्ष अभी तक 46 नशे के सौदागरों को गिरफ्तार कर 562.89 ग्राम स्मैक बरामद की गयी है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.