शाह का दौरा सिर्फ सैर सपाटा साबित हुआ : गोदियाल

कहा, पैकेज की घोषणा न करके राज्य वासियों को किया निराश 

देहरादून। शाह के उत्तराखंड दौरे को कांग्रेस ने राज्यवासियों के लिए निराशाजनक बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा है कि राज्य वासियों को उम्मीद थी कि गृहमंत्री अमित शाह राज्य में आई दैवीय आपदा के पीड़ितों एवं प्रभावितों के घावों पर मरहम लगाएंगे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया जिससे उनका यह दौरा मात्र पर्यटन सैर सपाटा साबित हुआ है।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मीडिया सलाहकार सुरेन्द्र कुमार अग्रवाल के माध्यम से जारी बयान में गोदियाल ने कहा कि प्रदेश की जनता दैवीय आपदा के दंश से कराह रही है। ऐसे समय में उसे राहत पहुंचाने के लिए गृहमंत्री अमित शाह द्वारा उत्तराखंड दौरे में राज्य के लोगों को बड़ी उम्मीद थी, लेकिन इस दौरान किसी भी पैकेज की घोषणा न करना यह दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों को उत्तराखण्ड राज्य की पीड़ा से कोई
लेना देना नहीं है।
उन्होंने कहा है कि दैवीय आपदा के बाद गृहमंत्री का पहला दौरा था, बेहतर होता कि गृहमंत्री दैवीय आपदा पीडितों एवं प्रभावितों के पुर्नविस्थापन के लिए यथोचित धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा करते।
 ऐसा न करके गृहमंत्री ने उत्तराखण्ड राज्य की सवा करोड़ जनता का
उपहास उड़ाने का काम किया है।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के मन में दहशत

उन्होंने कहा कि इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी जब-जब उत्तराखण्ड आये उन्होंने हमेशा उत्तराखंड की उपेक्षा करने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि मौसम विभाग की स्पष्ट चेतावनी के बावजूद राज्य सरकार लोगों की जानमाल की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा राज्य का आपदा प्रबंधन विभाग समुचित कदम उठाने व संवेदनशील क्षेत्र के लोगों के उचित विस्थापन की व्यवस्था करने में नाकाम रहा। जिसके चलते 60 से अधिक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के मन में दहशत का माहौल व्याप्त है आज उत्तराखण्ड राज्य के 400 से अधिक अति संवेदनशील गांव लगातार विस्थापन की मांग कर रहे हैं।
गणेश गोदियाल ने केन्द्र सरकार से एक बार फिर से मांग की कि 17, 18 एवं 19 अक्टूबर को राज्य में आई दैवीय आपदा के कारण हुए भारी जानमाल के नुकसान की भरपाई के लिए राज्य के लिए 10 हजार करोड़ रूपये का विषेश आर्थिक पैकेज अविलम्ब स्वीकृत किया जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.