सीएम धामी पर भरोसा जता बड़ी ताकत भी दे गये राजनाथ

चंद्र सिंह गढ़वाली को सरदार पटेल की तर्ज पर गले लगा गयी भाजपा

  • धामी के नाम पर बड़ी मुहर लगा देना भी हो सकता है निर्णायक 
देहरादून। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का शुक्रवार का दौरा उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। राजनाथ सिंह द्वारा चुनावी वर्ष में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली जैसे नामचीन गढ़वाली सैनिक के सम्मान के साथ ही सीएम पुष्कर सिंह धामी को बड़ी संभावनाओं का नेता होने की घोषणा इस राज्य की सियासत पर व्यापक असर डालेगी यह तय है।
धामी को यूं तो पिछले दिनों चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी चुनावी चेहरा घोषित कर चुके हैं और सरकार बनने पर उन्हीं को भविष्य का मुख्यमंत्री होने की बात भी कह चुके हैं। बावजूद इसके भाजपा में सीएम के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है, जो पार्टी के बहुमत में आने पर निश्चित तौर पर सक्रिय होंगे।
ऐसे में राजनाथ सिंह द्वारा शुक्रवार के दौरे में सीएम धामी को धाकड़ बल्लेबाज की संज्ञा देकर जीत की पूरी उम्मीद जतायी गयी। राजनाथ सिंह ने बाकायदा ट्विट करके भी इस बात को दोहराया है कि क्रिकेट की भाषा में बोलूं तो धामी को 20-20 के मैच के आखिरी ओवर में उतारा गया है, लेकिन वे धाकड़ बल्लेबाज हैं और उन पर उत्तराखंड के लोगों की बहुत उम्मीद हैं, जिस पर वे खरे उत्तरेंगे।
राजनाथ सिंह ने यह कहकर एक तरह से धामी को भविष्य के लिए भी बड़ी ताकत दे दी है। राजनाथ ने इस बात को जहां कार्यक्रम के अपने संबोधन में कहा वहीं उन्होंने ट्विटर से भी अपनी इस राय को सार्वजनिक किया।
रक्षा मंत्री का यह दौरा सैनिक बहुल उत्तराखंड के लिए बहुत मायने रखता है। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली के रूप में आज जिस महान सैनिक का सम्मान किया गया वे वैचारिक रूप से कम्युनिष्ट रहे और उन्होंने कम्युनिष्ट पार्टी से ही लोकसभा का चुनाव भी लड़ा।
ऐसे में भाजपा ने उत्तराखंड के एक वीर सैनिक को अंगीकार करके पूर्व सैनिकों में भी बड़ा संदेश दिया है। बड़ी बात यह है कि वीर चंद्र सिंह गढवाली के गांव में हुए इस कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने में सरकार की ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी गयी।
सीएम पुष्कर सिंह धामी के साथ ही रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, सांसद गढ़वाल व कई मंत्रियों की कार्यक्रम में मौजूदगी से यह साफ है कि भाजपा ने कामरेड चंद्र सिंह गढ़वाली को भी ठीक उसी तरह अपना बना लिया है, जैसे गुजरात में कांग्रेस के नेता रहे सरदार पटेल की विशालकाय मूर्ति बनाकर उन्हें अपना बना लिया।ऐसे में चंद्र सिंह गढ़वाली के गांव पीठसैंण से भाजपा की आज की हुंकार राज्य की भविष्य की राजनीति पर व्यापक असर डालेगी यह तय है।

Leave a Reply