योगी सरकार ने किया कैबिनेट का विस्तार , जितिन प्रसाद को मिली कैबिनेट में जगह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने अपना कैबिनेट का विस्तार किया। राजभवन के गांधी सभागार में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया । राज्यपाल आनंदीबेन पटेल में नये मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी कैबिनेट में क्षेत्र और जातिगत समीकरण साधते हुये सात नये मंत्रियों को शामिल किया।

कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुये जितिन प्रसाद को ब्राहृमण चेहरे के तौर पर कैबिनेट में स्थान मिला है जबकि छह अन्य को राज्य मंत्री बनाया गया है। राज्य मंत्रियों में दो दलित, तीन अन्य पिछड़ा वर्ग और एक अनुसूचित जनजाति का प्रतिनिधित्व करते हैं।

जितिन प्रसाद के अलावा संगीता बलवंत बिंद, धर्मवीर प्रजापति , पलटूराम ,छत्रपाल गंगवार , दिनेश खटिक  और संजय गौड़ को राज्यमंत्री के तौर पर योगी की टीम में शामिल किया गया है। श प्रसाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहाजहांपुर से ताल्लुक रखते है,इसके अलावा धर्मवीर प्रजापति आगरा, छत्रपाल गंगवार बरेली,दिनेश खटिक मेरठ से हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश से आने वाले मंत्रियों में पलटूराम बलरामपुर,संगीता बलवंत बिंद गाजीपुर और संजय गौड़ सोनभद्र से आते हैं। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उनके मंत्रिमंडल के कई अन्य सहयोगी मौजूद थे। योगी मंत्रिमंडल में अभी 53 मंत्री है जबकि सात नये मंत्रियों के शामिल होने से मंत्रिमंडल के लिये निर्धारित कोटा 60 का आंकड़ा पूरा हो गया है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी मार्च में होने की संभावना है। इस लिहाज से नये मंत्रियों के लिये प्रतिभा दर्शाने के लिये काफी कम समय मिलेगा। इससे पहले पितृपक्ष होने के कारण मंत्रिमंडल विस्तार होने के स्थगित होने की अटकलें लगायी जा रही थी लेकिन सरकार की ओर से आज सुबह विस्तार की संभावनाओं के संकेत मिलने लगे थे। वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश की सत्ता में आयी योगी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार 22 अगस्त 2019 को हुआ था। हालांकि 2020 में वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण तीन मंत्रियों की मृत्यु हो गयी। पहले मंत्रिमंडल विस्तार में छह राज्य मंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) ने शपथ ग्रहण की थी जिनमें तीन नये चेहरे शामिल किये गये थे। मौजूदा मंत्रिमंडल विस्तार से पहले योगी कैबिनेट में 22 मंत्री, नौ मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 22 राज्यमंत्री थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.