मन की बात में मोदी ने मेजर ध्यानचंद को अर्पित की श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने  आकाशवाणी पर अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दुनिया में भारत की हॉकी का डंका बजाने का काम ध्यानचंद की हॉकी ने किया था। उनके इसी योगदान के चलते देश में उनकी स्मृति में इस दिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद के चार दशक बाद एक बार फिर देश के बेटे बेटियों ने दुनिया में भारतीय हॉकी की परचम लहराया है। इस उपलब्धि से मेजर ध्यानचंद की आत्मा को प्रसन्नता हो रही होगी। उन्होंने कहा ,  आज जब हमें देश के नौजवानों में हमारे बेटे-बेटियों में खेल के प्रति जो आकर्षण नजर आ रहा है। माता-पिता को भी बच्चे अगर खेल में आगे जा रहे हैं तो खुशी हो रही है, ये जो ललक दिख रही है न मैं समझता हूँ, यही मेजर ध्यानचंद जी को बहुत बड़ी श्रद्धांजलि है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब खेलों की बात होती है तो युवा पीढी नजर आती है और पता चलता है कि उसमें कितना बड़ा बदलाव आ रहा है। वह घिसे-पिटे पुराने तौर तरीकों से कुछ नया करना चाहता है। उन्होंने कहा , वो नए रास्ते बनाना चाहता है। अनजान जगह पर कदम रखना चाहता है। मंजिल भी नयी, लक्ष्य भी नए, राह भी नयी और चाह भी नयी, अरे एक बार मन में ठान लेता हैं न युवा, जी-जान से जुट जाता है। दिन-रात मेहनत कर रहा है।

युवा पीढ़ी नयी उड़ान भर रही है : मोदी

मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष सेक्टर को खोलने की सरकार की घोषणा के बाद युवा पीढ़ी नयी उड़ान भर रही है और इसका परिणाम बहुत जल्द सामने आयेगा जब पता चलेगा कि अंतरिक्ष में सबसे ज्यादा संख्या उन उपग्रहों की होगी जिनमें हमारे युवाओं ने काम किया है। बड़े से बड़े परिवारों के बच्चे स्टार्ट अप शुरू कर रहे हैं।

यह संस्कृति दिनों दिन बढ़ रही है जिससे हमारे युवाओं का उज्जवल भविष्य दिखायी दे रहा है। उन्होंने कहा कि साथ ही अब देश का युवा खिलौना बाजार में भी भारत का हिस्सा बढ़ाने की तरफ कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा , मेरे देश का युवा मन अब सर्वश्रेष्ठ की तरफ अपने आपको केन्द्रित कर रहा है। सर्वोत्तम करना चाहता है, सर्वोत्तम तरीके से करना चाहता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.