सेना प्रमुख ने नियंत्रण रेखा पर लिया सुरक्षा हालात का जायजा

नयी दिल्ली। जम्मू कश्मीर के दो दिन के दौरे पर सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा हालात का जायजा लिया। सेना प्रमुख ने सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल वाई. के. जोशी और चिनार कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल डी. पी. पांडेय के साथ आंतरिक इलाकों की इकाइयों का दौरा किया, जहां पर स्थानीय कमांडरों ने सुरक्षा की वर्तमान स्थिति के बारे में सेना प्रमुख को अवगत कराया तथा आतंकवादियों द्वारा की जाने वाली घुसपैठ की कोशिशों को विफल करने के लिए किए गए उपायों की भी जानकारी दी।

सेनाध्यक्ष ने जवानों के साथ भी बातचीत की और अभियान संबंधी उनकी उच्च स्तर की तैयारियों तथा ऊंचा मनोबल बनाकर रखने के लिए उनकी प्रशंसा की।

नियंत्रण रेखा पर शांति की स्थिति की सराहना करते हुए, उन्होंने सभी कमांडरों को आगाह किया कि, वे सैनिकों का मनोबल बनाए रखें और किसी भी सुरक्षा चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए तैयार रहें। सेना प्रमुख ने सभी सरकारी एजेंसियों को क्षेत्र में शांति बनाए रखने और कोविड-19 महामारी के प्रसार का मुकाबला करने के लिए लोगों तक पहुंचने में उनके निकट समन्वय के लिए तहेदिल से बधाई दी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.