नई दिल्ली : पीएम केयर्स फंड से जो 500 ऑक्सीजन प्लांट लगने हैं उसमें से दो शुरू हो चुके हैं। बताया गया है कि उनसे ऑक्सीजन मिलनी भी शुरू हो गई है। ये प्लांट दिल्ली के एम्स और आरएमएल हॉस्पिटल में लगे हैं। दोनों मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट हाई फ्लो वाले हैं। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते नए मामलों के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था पर भारी दबाव बना हुआ है।
केंद्र सरकार ने बताया कि विदेशों से आ रहे मेडिकल उपकरणों को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को भेजा जा रहा है। टेस्टिंग लैब पर बढ़ते दबाव के बाद कल इंडियन मेडिकल काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आई सी एम आर) ने आरटी-पीसीआरजांच के लिए नई एडवाइजरी जारी की।
जिसमें संक्रमित पाए गए लोगों को दोबारा आरटी-पीसीआर जांच नहीं कराना है, एक राज्य से दूसरे राज्य जाने वाले स्वस्थ लोगों के लिए इसकी जरूरत को खत्म करने को कहा गया है। महाराष्ट्र में मंगलवार को सबसे ज्यादा 51,880 नए केस और 891 मौतें दर्ज की गई. इसके बाद कर्नाटक में 44,631, केरल में 37,190, उत्तर प्रदेश में 25,858 नए मामले सामने आए।
वहीं राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में अब भी ऑक्सीजन की कमी की शिकायतें आ रही हैं। कई अस्पतालों को इमरजेंसी कॉल पर ही ऑक्सीजन उपलब्ध हो रहा है। वहीं कर्नाटक सहित दूसरे राज्यों में भी कथित रूप से ऑक्सीजन कमी के कारण मरीजों की मौत की रिपोर्ट सामने आई हैं। देश में अब तक 16.04 करोड़ वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है।