प्रखंड कार्यालय के साहब मेहरबान तो आपको मिलेगा सरकारी सुविधा का लाभ

रांची : श्री बंशीधर नगर में आपूर्ति विभाग के कारनामें एक से बढ़कर एक हैं। यदि आप पर प्रखंड कार्यालय के साहब मेहरबान है तो सभी नियम कानून को दरकिनार कर आपको सरकारी सुविधा का लाभ मिल जायेगा। वर्ना आप दौड़ते रह जायेंगे। जहां सही मायने में अत्यंत निर्धन परिवार को राशन कार्ड बनवाने में जूता घिस जा रहा है। वहीं वैसे लोग जो सुविधा संपन्न हैं एवं प्रखंड कार्यालय में दिन रात घूमने वाले एक नहीं बल्कि पीएच एवं अंत्योदय दोनों कार्ड बनवाकर गरीबों के हक पर डाका डाल रहे हैं। यहां बात हो रही है प्रखंड के कोलझिकी गांव की। इस गांव की कुल आबादी 2800 है। जिसमें 502 अनुसूचित जाति, 60 अनुसूचित जनजाति, 434 पिछड़ा वर्ग के लोग निवास करते हैं। यहां 419 लोगों का पीएच कॉर्ड एवं 42 का अंत्योदय कॉर्ड बना है। जिन लोगों का कॉर्ड बना है यदि सही तरीके से जांच हुई तो 50 फीसदी अयोग्य लोगों का नाम हट जायेगा। अंत्योदय कार्ड धारियों की बात करें तो 42 में से 24 सुविधा सम्पन्न एवं एक ही वंश वृक्ष के लोग इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। सबसे चौकाने वाली बात है की कई ऐसे लोग हैं जो प्रतिवर्ष धान क्रय केंद्र में सरकारी स्तर पर सैकड़ों क्विंटल धान भी बेंचते हैं और अंत्योदय एवं पीएच दोनों का लाभ ले रहे हैं। जबकि उसी गांव के अति निर्धन शरीफ अंसारी, विश्वनाथ भुईयां, दिलीप राम, मनोज भुईयां, शुकनी देवी, शान्ति देवी, नागेश्वर राम सहित दर्जनों लोग राशन कार्ड के लिये कई बार प्रखंड कार्यालय में आवेदन दे चुके हैं। लेकिन इनका कार्ड नहीं बन पाया।

केस नंबर 1

रेखा देवी पति गोपाल चंद्रवंशी जो आंगनबाड़ी सेविका हैं इनको पीएच एवं अंत्योदय दोनों का लाभ मिल रहा है। इनका पीएच कार्ड संख्या 202000089389 एवं अंत्योदय कार्ड संख्या 202000089386 है। इस कार्ड पर सदस्यों की संख्या 6 है। अनवरत दोनों कार्ड से राशन का उठाव हो रहा है।

केस नंबर 2

सावित्री देवी पति मोहन चंद्रवंशी जिनका अंत्योदय कार्ड संख्या 202000089469 एवं पीएच कार्ड संख्या 202000089470 है। इनके द्वारा लगातार दोनों कार्ड से राशन का उठाव किया जा रहा है। जबकी सावित्री देवी के नाम पर इ उपार्जन में धान बेचने के लिये रजिस्ट्रेशन (203460030102) भी है।

केस नंबर 3

जगमति देवी पति विशुनदेव चंद्रवंशी जिनका पीएच कार्ड संख्या 202007276307 एवं अंत्योदय कार्ड संख्या 202000089387 है। इनके द्वारा भी लगातार दोनों कार्ड से राशन का उठाव किया जा रहा है। वहीं जगमति देवी ने भी धान बेचने के लिए ई उपार्जन पर रजिस्ट्रेशन करा रखा है। जिसका रजिस्ट्रेशन संख्या 203460030105 है। सबसे मजेदार बात है की तीनो लाभुक एक ही वंशवृक्ष के हैं।

मामला संज्ञान में आया है जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।

जयवर्धन कुमार
अनुमंडल पदाधिकारी
श्री बंशीधर नगर

Leave a Reply