विशाखापट्टनम। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए निर्णायक वनडे मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ विकेट से बड़ी जीत दर्ज की और सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। कप्तान रोहित शर्मा और युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल की तूफानी बल्लेबाजी इस जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।
दक्षिण अफ्रीका द्वारा दिए गए 271 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित और जायसवाल ने सशक्त शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 155 रन की बेहतरीन साझेदारी की। रोहित शर्मा ने 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 75 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि यशस्वी जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 116 रन बनाए और अपना पहला वनडे शतक पूरा किया। दोनों बल्लेबाजों ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों पर दबाव बनाकर मैच को एकतरफा कर दिया।
सीरीज का दूसरा मैच हारने के बाद भारत के सामने करो या मरो की स्थिति थी, लेकिन निर्णायक मुकाबले में दमदार वापसी करते हुए टीम ने न सिर्फ मैच जीता बल्कि पूरे सीरीज पर कब्जा भी कर लिया। मैच जीतने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने होटल में केक काटकर जश्न मनाया।
इस दौरान एक दिलचस्प पल देखने को मिला, जब विराट कोहली के साथ मैदान पर अपना पहला वनडे शतक पूरा करने वाले यशस्वी जायसवाल को साथियों ने केक काटने का मौका दिया। सीनियर खिलाड़ी होने के नाते विराट कोहली ने चाकू यशस्वी को सौंपा और तालियां बजाते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। वहीं, रोहित शर्मा पास में मौजूद थे और यशस्वी ने उन्हें केक खिलाने की कोशिश की, लेकिन रोहित ने मुस्कुराते हुए खाने से इनकार कर दिया।
टीम इंडिया की इस जीत ने न सिर्फ प्रशंसकों में उत्साह भरा, बल्कि युवा खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को भी नई उड़ान दी।