After Header-1

अहमदाबाद पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कोविड-19 रोधी टीके के विकास की करेंगे समीक्षा

कोरोना वायरस की टीका विकसित करने के कार्य की समीक्षा के लिए तीन शहरों का दौरा

अहमदाबाद : कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए टीका विकसित करने के कार्यों की समीक्षा के लिए तीन शहरों के दौरे के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह अहमदाबाद पहुंचे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी टीका विकास की जानकारी लेने के लिए हवाई अड्डे से अहमदाबाद के नजदीक स्थित फार्मास्युटिकल कंपनी जाइडस कैडिला के संयत्र के लिए रवाना हुए। अधिकारी ने बताया कि अहमदाबाद शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर चांगोदर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इस संयंत्र में प्रधानमंत्री का सुबह करीब साढ़े नौ बजे से एक घंटे रहने का कार्यक्रम है। 

उल्लेखनीय है कि जाइडस कैडिला ने कोविड-19 के खिलाफ जाइकोव-डी नामक संभावित टीके का विकास किया है जिसके पहले चरण का क्लीनिकल परीक्षण पूरा हो चुका है और कंपनी ने अगस्त से दूसरे चरण का परीक्षण शुरू किया था। मोदी का अहमदाबाद के बाद हैदराबाद जाने का कार्यक्रम है जहां पर वह टीका निर्माता भारत बायोटेक के संयंत्र का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री हैदराबाद स्थित हकीमपेट वायुसेना केंद्र पर पहुंचने के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे शहर से लगभग 50 किलोमीटर दूर जीनोम वैली स्थित भारत बायोटेक के संयंत्र जाएंगे

भारत बायोटेक द्वारा विकसित संभावित टीके कोवैक्सिन का तीसरे चरण का परीक्षण चल रहा है। भारत बायोटेक के संयंत्र में करीब एक घंटा बिताने के बाद मोदी पुणे रवाना होंगे जहां वह सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) जाएंगे जिसने कोविड-19 टीके के लिए वैश्विक दवा निर्माता कंपी एस्ट्राजेनेका और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी की है। अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री एसआईआई परिसर शाम करीब साढ़े चार बजे पहुंचेंगे और यहां करीब एक घंटे तक रहेंगे। उन्होंने बताया कि मोदी शाम को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.