किसान सम्मान राशि योजना में फजीर्वाड़े का हुआ खुलासा

  • अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से फजीर्वाड़े को दिया गया अंजाम

समस्तीपुर : जिले में केंद्र सरकार की किसान सम्मान राशि योजना में 1.44 करोड़ रुपए के फजीर्वाड़े का खुलासा हुआ है। बताया जा रहे हैं कि कृषि अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से गरीब और जरूरतमंद किसानों की जगह इनकम टैक्स भरने वाले करीब तीन हजार संपन्न लोगों को किसान सम्मान राशि योजना का लाभ दे दिया गया और उनके खाते में दो से लेकर 10 हजार की राशि भेजी भी जा चुकी है। बताया जा रहा है कि पूरा का पूरा फजीर्वाड़ा करीब एक करोड़ 44 लाख 68 हजार रुपए का है। आपको बता दें कि जांच में हुए फजीर्वाड़े का खुलासा होने के बाद केंद्र सरकार के कृषि विभाग, नई दिल्ली के द्वारा 1698 अवैध किसानों को अविलंब राशि लौटने का नोटिस भेजा गया है। इस संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी को भी सूचित किया गया है। जिसके बाद इस मामले में दोषी अधिकारियों और कर्मियों पर गाज गिरने की संभावना है।

राशि नहीं लौटाने वालों पर होगी कार्रवाई

इस बाबत जिला कृषि पदाधिकारी विकास कुमार ने बताया कि फर्जी तरीके से योजना का लाभ ले रहे 1698 लोगों को नोटिस भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जो भी फर्जी लाभुक दिए गए समय के अंदर प्राप्त राशि को नहीं लौटाते हैं तो उनके ऊपर कृषि विभाग के द्वारा कार्रवाई की जाएगी। जिले के विभूतिपुर, बिथान, दलसिंहसराय, हसनपुर, कल्याणपुर, खानपुर, मोहनपुर, मोहिउद्दीनगर, मोरवा, पटोरी, पूसा, रोसड़ा, समस्तीपुर, सरायरंजन, शिवाजीनगर, सिघिया, ताजपुर, उजियारपुर, विद्यापतिनगर एवं वारिसनगर प्रखंड के कुल 1698 किसानों को नोटिस के माध्यम से किसान सम्मान योजना की प्राप्त राशि को लौटाने के बारे में कहा गया है। नोटिस में राशि लौटाने को लेकर वेबसाइट का पता भी दिया गया है। कृषि विभाग के द्वारा जिला कृषि कार्यालय, प्रखंड कृषि कार्यालय, कृषि समन्वयक और किसान सलाहकार के माध्यम से भी राशि को अविलंब लौटाने की सूचना संबंधित किसानों को दी जा रही है।

कृषि विभाग की लापरवाही से हुआ फजीर्वाड़ा

जांच में पता चला कि प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक कृषि अधिकारी और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण जिले के 1698 किसानों के द्वारा इस योजना का लाभ लिया गया है। योजना के नियमानुसार यह योजना व्यवसायी या आर्थिक रूप से संपन्न किसानों के लिए नहीं है। आपको बता दें कि केंद्र सरकार की कृषि विभाग के द्वारा जब आधार कार्ड से लाभुकों की जांच की गई तो वर्तमान में तीन हजार से अधिक किसान ऐसे मिले जिनकी आमदनी लाखों रुपए हैं और वह इनकम टैक्स भी जमा करते है।

1698 किसानों से वसूल की जाएगी राशि

जिन लोगों ने फर्जी तरीके से किसान सम्मान राशि योजना का लाभ लिया है उनसे कृषि विभाग राशि वसूलने को लेकर नोटिस दिया है तथा राशि नहीं लौटाने के दिशा में कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। आपको बता दें कि समस्तीपुर जिले के सरायरंजन प्रखंड में 202 किसानों से आठ लाख 90 हजार, कल्याणपुर में 182 किसानों ने 16 लाख, उजियारपुर में 118 किसानों से 10 लाख 98 हजार, खानपुर में 118 किसानों ने 10 लाख 70 हजार, शिवाजीनगर में 103 किसानों से नौ लाख 32 हजार, सिघिया में 98 किसानों से नौ लाख 50 हजार, समस्तीपुर में 95 किसानों से 10 लाख 42 हजार, मोहिउद्दीनगर में 93 किसानों ने आठ लाख 20 हजार, वारिसनगर में 82 किसानों से पांच लाख 12 हजार, मोरवा में 81 किसानों ने सात लाख 70 हजार, हसनपुर में 74 किसानों से छह लाख 62 हजार, बिथान में 68 किसानों से पांच लाख 96 हजार, विभूतिपुर प्रखंड के 67 किसानों को पांच लाख 78 हजार, रोसड़ा के 60 किसानों से चार लाख 64 हजार, पूसा के 56 किसानों से पांच लाख 26 हजार, ताजपुर में 55 किसानों से पांच लाख 50 हजार, पटोरी के 41 किसानों ने तीन लाख 44 हजार, विद्यापतिनगर में 40 किसानों से चार लाख 68 हजार, दलसिंहसराय में 35 किसानों से तीन लाख 30 हजार, मोहनपुर में 30 किसानों ने दो लाख 66 हजार रुपए योजना राशि प्राप्त की है, जिनसे नोटिस और कार्रवाई के माध्यम से फर्जी तरीके से प्राप्त योजना राशि वसूल किया जाना है।

Leave a Reply