देहरादून। सांप्रदायिक एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता एक भव्य होली मिलन समारोह राजधानी में आयोजित किया गया। देवभूमि पत्रकार यूनियन (पंजी.) उत्तराखंड की जिला देहरादून इकाई द्वारा रेसकोर्स क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गायन एवं नृत्य की थीम पर आधारित इस आयोजन ने उपस्थित लोगों को रंग और उमंग से सराबोर कर दिया। सोनिया आनंद, बालेश गुप्ता एंड पार्टी, रविन्द्र सिंह आनंद, आलोक शर्मा, केशव पचौरी ‘सागर’ और राकेश पंडित द्वारा प्रस्तुत होली गीतों ने समां बांध दिया। पारंपरिक और आधुनिक गीतों की प्रस्तुति पर युवा टीम देर तक नाचती-गाती रही, जिससे वातावरण पूरी तरह होलीमय हो उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अश्वनी कांबोज ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय त्यौहार हमारी संस्कृति और सभ्यता की पहचान हैं। ये पर्व हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने में पत्रकारिता की अहम भूमिका है, क्योंकि मीडिया जैसा दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है, वैसा ही समाज का नजरिया विकसित होता है।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद् सुनील अग्रवाल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह अहंकार के दहन, सामाजिक भेदभाव के अंत और नवसृजन की चेतना का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देने की अपील की।
समारोह में उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे। विभिन्न वक्ताओं ने पत्रकारों की एकता और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।
इस अवसर पर यूनियन की ओर से वरिष्ठ पत्रकारों और विशिष्ट जनों को पटका पहनाकर स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वाणी की देवी मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ सरस्वती वंदना से हुआ। समारोह की अध्यक्षता यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल वर्मा ने की, जबकि सफल संचालन प्रदेश महासचिव डॉ. वी. डी. शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार बंधु, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में जिला इकाई के अध्यक्ष हरीश खनेडा, जिला महामंत्री नवीन जोशी सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।
यह होली मिलन समारोह पत्रकार बंधुओं के बीच एकता, सौहार्द और भाईचारे की मिसाल बनकर उभरा, जिसने यह संदेश दिया कि रंगों का यह पर्व समाज को जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का माध्यम है।