अजमेर से पीएम मोदी ने शुरू किया एचपीवी टीकाकरण अभियान, हल्द्वानी से सीएम धामी जुड़े

देहरादून/हल्द्वानी। प्रधानमंत्री **Narendra Modi** ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।

मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया और टीकाकरण के लिए आई 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से बातचीत की। उन्होंने बालिकाओं और उनके अभिभावकों को टीके के लाभों के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी सुरक्षा और सम्मान महज नारा नहीं, बल्कि अटल संकल्प है।

उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्ष 2024 में भारत में इस बीमारी के 78 हजार से अधिक मामले सामने आए और 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु हुई। यह आंकड़े इस बीमारी की गंभीरता को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण के माध्यम से इस घातक बीमारी की रोकथाम संभव है और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य दिया जा सकता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य कराएं।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। यह राष्ट्रव्यापी अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.