उत्तराखंड में रोपवे परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्य सचिव ने की हाई-लेवल समीक्षा

देहरादून। उत्तराखंड में रोपवे परियोजनाओं के विकास और क्रियान्वयन को गति देने के लिए राज्य सरकार ने सक्रिय पहल शुरू कर दी है। मुख्य सचिव Anand Bardhan की अध्यक्षता में रोपवे परियोजनाओं से जुड़े विभागों, हितधारकों और पीपीपी कंपनियों के साथ पहली बोर्ड बैठक आयोजित की गई।

बैठक में राज्य के विभिन्न जनपदों में संचालित और प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने परियोजनाओं की प्रगति, भूमि उपलब्धता, तकनीकी स्वीकृतियों और वित्तीय मॉडल पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों से भी प्रोजेक्ट्स की जमीनी स्थिति और चुनौतियों की जानकारी ली।

सरकार का मानना है कि रोपवे परियोजनाएं न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगी, बल्कि दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन को भी आसान बनाएंगी। इससे स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज पांडेय, धीरज सिंह गर्ब्याल, अपर सचिव अभिषेक रूहेला तथा National Highways Logistics Management Limited (एनएचएलएमएल) के प्रतिनिधि प्रशांत जैन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें, ताकि रोपवे परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारा जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.