टनकपुर में 3.41 करोड़ से बना आधुनिक सैनिक विश्राम गृह, मंत्री ने किया निरीक्षण

चम्पावत।  सैनिकों और पूर्व सैनिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टनकपुर में लगभग 3.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक सैनिक विश्राम गृह का निरीक्षण प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किया। उन्होंने भवन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके परिजनों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। यह विश्राम गृह पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराएगा। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की आधुनिक सुविधाएं सैनिकों के सम्मान और उनके योगदान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

निरीक्षण के दौरान भवन में उपलब्ध कमरों, बैठक कक्ष, स्वच्छता व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया गया। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विश्राम गृह का संचालन व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आने वाले सैनिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, गौरव सैनानी समिति अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती तथा जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (सेवानिवृत्त) कर्नल उमेद सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस परियोजना को सैनिकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

स्थानीय लोगों ने भी सरकार के इस प्रयास की सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे टनकपुर क्षेत्र में पूर्व सैनिकों को बड़ी राहत मिलेगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह विश्राम गृह सैनिकों के सम्मान और सुविधा का प्रतीक बनेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.