महाशिवरात्रि पर रानीखेत के शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब, पंचेश्वर महादेव में लगी लंबी कतारें

रानीखेत। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रानीखेत नगर और आसपास के क्षेत्रों में स्थित शिवालयों में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर के प्रसिद्ध पंचेश्वर महादेव मंदिर में सुबह ब्रह्म बेला से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो देर शाम तक जारी रहीं। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

मंदिर को विशेष रूप से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मुख्य पुजारी पं. हेम पंत के नेतृत्व में ब्राह्मणों द्वारा रुद्री पाठ और विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिर समिति के सदस्यों द्वारा प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर मंदिर समिति के तत्वावधान में विविध धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला से आई टीम ने लोक गायक महिपाल मेहता के नेतृत्व में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के रंगारंग लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। महिला सत्संग समिति के तत्वावधान में भजन-कीर्तन का आयोजन भी हुआ, जिससे माहौल और अधिक आध्यात्मिक हो उठा।

नगर के चिलियानौला स्थित पौराणिक शिव मंदिर और भटकोट जालली के बिल्लेश्वर महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। इसके अलावा नगर और आसपास के अन्य मंदिरों में भी दिनभर धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे।

महाशिवरात्रि के अवसर पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने यह साबित कर दिया कि शिव भक्ति आज भी जनमानस में गहराई से रची-बसी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.