नाबालिग से छेड़छाड़ और धमकी देने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई

देहरादून। सेलाकुई क्षेत्र में नाबालिग से छेड़छाड़ और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले में सख्त धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार सेलाकुई निवासी एक व्यक्ति ने थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी कि दो युवक उनकी नाबालिग पुत्री के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे और विरोध करने पर परिजनों को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। शिकायत के आधार पर थाना सेलाकुई में मु.अ.सं. 21/2026 के तहत धारा 137(2), 351(2), 74/87 बीएनएस तथा 7/8 पोक्सो अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई। प्राप्त सूचनाओं और साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल दोनों युवकों की पहचान की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऋषभ उर्फ अभिषेक और शुभम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दून पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.