रुड़की।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान और ‘हरिद्वार स्वच्छ हो’ संकल्प के तहत रुड़की में गंगनहर किनारे विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलियर अड्डे के पास स्थित राणा सांगा घाट पर आयोजित इस अभियान का नेतृत्व भाजपा युवा नेता एवं फोनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन इंजीनियर चैरब जैन ने किया।
प्रातःकाल आयोजित इस अभियान में कार्यकर्ताओं और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। टीम ने गंगनहर किनारे फैली गंदगी और कूड़े को साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया। घाट परिसर में प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य कचरे को एकत्रित कर उचित निस्तारण की व्यवस्था की गई।
अभियान की शुरुआत करते हुए इंजी० चैरब जैन ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नहर और नदी किनारे कूड़ा न फैलाएं और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नगर के बीच से गुजरने वाली सोलानी नदी और गंगा नहर हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
भाजपा नेता दीपक पांडे ने कहा कि स्वच्छता को केवल एक दिन का अभियान न मानकर इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। जब तक हर व्यक्ति स्वयं जिम्मेदारी नहीं लेगा, तब तक स्थायी स्वच्छता संभव नहीं हो सकती। उन्होंने भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे अभियानों को जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान ‘रुड़की स्वच्छ हो’ अभियान के तहत सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर भाजपा एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष आयुष बिरला सहित आशीष जैन, शिवा स्नेही, केशव, अक्षय पाल, आकाश गौतम, अनिल थापा, नवल जोशी, राजन कुमार, तरुण घाघट और जुनैद मलिक समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।