After Header-1

नेहरा खाप में सख्ती का ऐलान: अनुशासनहीनता पर होगी सामाजिक और कानूनी कार्रवाई

हिसार। नेहरा खाप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक रविवार को हिसार स्थित जिमखाना क्लब में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता नेहरा खाप के राष्ट्रीय प्रधान संदीप नेहरा (सिरसा) ने की। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि खाप संगठन और समाज में अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त निर्णय लेना समय की आवश्यकता है।

बैठक में संगठन के विस्तार, सामाजिक एकता और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर गहन चर्चा की गई। नेहरा खाप के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमित नेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी प्रमुख सदस्यों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। तय किया गया कि नेहरा खाप की वर्ष में कम से कम दो राष्ट्रीय बैठकें हरियाणा और राजस्थान में आयोजित की जाएंगी।

इसके साथ ही यह निर्णय भी लिया गया कि हरियाणा के प्रत्येक जिले में स्थित नेहरा गौत्रीय गांवों में हर माह बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें समाजहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिए जाएंगे। बैठक में झुंझुनूं स्थित वीरवर राजा झुझार सिंह नेहरा के स्मारक स्थल पर प्रत्येक वर्ष 22 फरवरी को आयोजित होने वाले समारोह को और भव्य बनाने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर देशभर से नेहरा गौत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया।

राष्ट्रीय प्रधान संदीप नेहरा ने बैठक में एक अहम मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि कुछ लोग अपने नाम के आगे नेहरा खाप के फर्जी पद लिख रहे हैं, जो संगठन के अनुशासन के खिलाफ है। ऐसे लोगों को सामाजिक चेतावनी दी जाती है कि वे तुरंत ऐसा करना बंद करें, अन्यथा उनके खिलाफ सामाजिक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में हिसार स्थित तारा फोर्ड एजेंसी के मालिक प्रदीप नेहरा एवं उनकी पुत्रवधु संजना सातरोड द्वारा पूर्व में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। खाप ने यह भी संकल्प लिया कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर खाप उनके साथ तन, मन और धन से खड़ी रहेगी।

इसके अलावा बैठक में शीघ्र ही सभी राज्यों में प्रदेश कार्यकारिणी गठित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में कर्नल ओपी नेहरा, कर्नल डीवी नेहरा, बलवीर नेहरा, रामकुमार नेहरा, ओमप्रकाश नेहरा, धूप सिंह नेहरा, कृष्ण नेहरा, बलवान नेहरा सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.