खटीमा में क्रिकेट का जश्न: सीएम धामी ने खिलाड़ियों में बांटे पुरस्कार, खुद भी खेला शॉट

खटीमा। बिरिया मझोला, खटीमा में आयोजित स्वर्गीय मनीष चंद स्मृति द्वितीय ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट–2026 का समापन समारोह उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया और विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। मुख्यमंत्री की उपस्थिति से खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

ग्रामीण स्तर पर आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला नगला तराई खटीमा और उजालिकोट टनकपुर की टीमों के बीच खेला गया। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए नगला तराई खटीमा की टीम ने निर्धारित ओवरों में 108 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में उजालिकोट टनकपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य को हासिल किया और 3 विकेट से मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फाइनल मुकाबले से पूर्व दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया, उनका उत्साहवर्धन किया और स्वयं भी क्रिकेट में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय मनीष चंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में भारतीय अंडर-19 टीम ने विश्व कप जीतकर देश का नाम रोशन किया है, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और संकल्प मजबूत हो, तो सफलता निश्चित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं रह गया है, बल्कि इसमें करियर की अपार संभावनाएं हैं। इसलिए युवा खिलाड़ी अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के साथ खेलों में आगे बढ़ें।

उन्होंने यह भी कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन और मस्तिष्क को भी मजबूत बनाता है। खेल से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व जैसे गुण विकसित होते हैं। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से टीम भावना के साथ खेलने और खेल को जीवन का सकारात्मक आधार बनाने का आह्वान किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.