बीजापुर के जंगलों में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में ढेर हुआ DVCM कैडर नक्सली कमांडर?

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। दक्षिण बस्तर के पेद्दागेलूर जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में अब तक एक नक्सली का शव और एक एके-47 राइफल बरामद की गई है। मुठभेड़ के बाद इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, जिले के दक्षिणी क्षेत्र में सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। इसके बाद रुक-रुक कर मुठभेड़ चलती रही।

विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ स्थल से बरामद शव एक पुरुष नक्सली का है, जिसकी पहचान डीवीसीएम कैडर के नक्सली कमांडर उधम सिंह के रूप में की जा रही है। बताया जा रहा है कि उधम सिंह लाटून नंबर-30 का कमांडर था और जागूरगुंडा एरिया कमेटी की कमान भी उसी के हाथ में थी। वह लंबे समय से सुरक्षाबलों की हिट-लिस्ट में शामिल था।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि बीजापुर जिले के दक्षिणी इलाके में नक्सलियों की गतिविधियों की सूचना के बाद यह ऑपरेशन शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि अब तक मुठभेड़ स्थल से एक नक्सली का शव और एके-47 हथियार बरामद किया गया है। इलाके की पूरी तरह से घेराबंदी कर दी गई है और किसी अन्य नक्सली की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन जारी है।

आईजी ने यह भी स्पष्ट किया कि अभियान के पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल, सुरक्षाबल पूरे क्षेत्र को खंगाल रहे हैं और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.