राजकीय मेडिकल कॉलेजों में फार्मासिस्ट भर्ती का परिणाम जारी, 64 को मिली नियुक्ति

देहरादून। उत्तराखंड के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में फार्मासिस्ट (भेषज) के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के लिए फार्मासिस्ट के 73 रिक्त पदों का अंतिम परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस परिणाम के तहत कुल 64 योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जबकि 8 पदों पर चयन प्रक्रिया हाईकोर्ट के आदेश के चलते फिलहाल रोक दी गई है।

इस उपलब्धि पर प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और उनसे संबद्ध चिकित्सालयों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और यह भर्ती उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

डॉ. रावत ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने मेडिकल कॉलेजों में लंबे समय से खाली पड़े फार्मासिस्ट (भेषज) के पदों को भरने का निर्णय लिया था। इसके तहत चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को 73 पदों का अधियाचन भेजा गया। चयन बोर्ड ने इस अधियाचन के क्रम में 19 अक्टूबर 2024 को सीधी भर्ती के माध्यम से फार्मासिस्ट पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का चरणबद्ध तरीके से अभिलेख सत्यापन किया गया। इसके बाद वर्षवार मेरिट के आधार पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया गया। कुल 73 पदों के सापेक्ष 64 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है। हालांकि, 8 पदों पर हाईकोर्ट में दायर रिट याचिका के कारण परिणाम पर रोक लगी हुई है।

इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति श्रेणी के अंतर्गत उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी या उनके आश्रितों के लिए विज्ञापित एक पद पर पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण उसे अग्रेनीत (फॉरवर्ड) कर दिया गया है।

मंत्री ने बताया कि चयनित फार्मासिस्टों को प्रदेशभर के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में शीघ्र तैनाती दी जाएगी। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.