After Header-1

ओवैसी बने सर्वसमाज के नेता? महाराष्ट्र जीत के बाद मिशन-2027 की तैयारी तेज

महाराष्ट्र में हुए नगर निकाय चुनावों में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) को मिली शानदार सफलता के बाद उत्तराखंड में भी पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व में AIMIM के महाराष्ट्र प्रदेश में चौथे नंबर की पार्टी बनने पर रुड़की स्थित मजलिस कार्यालय में जश्न मनाया गया।

पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नैय्यर काजमी का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों में पूरी ताकत से जुटने का संकल्प भी लिया।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नैय्यर काजमी ने कहा कि महाराष्ट्र में AIMIM की भारी जीत से कांग्रेस सहित कई राजनीतिक दलों की नींद उड़ गई है। उन्होंने कहा कि बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी की राजनीति सर्वसमाज के हितों की रक्षा, राष्ट्रीय सोच और भारतीय संविधान के अनुरूप दबे-कुचले वर्गों की आवाज को बिना किसी भेदभाव के सरकार तक पहुंचाने पर आधारित है। यही कारण है कि जनता ने मजलिस पर भरोसा जताया।

डॉ. काजमी ने बताया कि महाराष्ट्र में पार्टी के मुस्लिम उम्मीदवारों के साथ-साथ हिंदू, दलित, मराठा और सिख उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज की है, जिससे यह साबित होता है कि ओवैसी अब केवल एक वर्ग नहीं, बल्कि सर्वसमाज के नेता के रूप में उभरे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब महाराष्ट्र भर में मजलिस के 100 से अधिक पार्षद चुने गए हैं।

उन्होंने इसे गर्व की बात बताते हुए कहा कि एशिया की सबसे बड़ी महानगर पालिका बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में AIMIM के आठ पार्षदों ने जीत हासिल कर समाजवादी पार्टी, शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और अन्य क्षेत्रीय दलों को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने इसे भारतीय संविधान और लोकतंत्र की जीत करार दिया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र की इस विजय यात्रा से उत्तराखंड के मजलिस कार्यकर्ताओं में भी नया जोश और उत्साह पैदा हुआ है और अब सभी मिशन-2027 की तैयारी में जुट गए हैं।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल वाजिद तुर्क, जिला संयोजक सतीश कुमार बावरा, कलियर विधानसभा अध्यक्ष अबरार मलिक, प्रदेश सचिव प्रवेज नम्बरदार, फरीद अहमद, जुल्फिकार ठेकेदार, आजाद अली, इरशाद पहलवान, मनव्वर मलिक, रामलाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.