सेवा–संस्कार से बनेगी सशक्त सभ्यता, शताब्दी समारोह में बोले धामी और शेखावत

देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज में आयोजित ‘ध्वज वंदन समारोह’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सहभागिता की। यह आयोजन वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा के तपस्वी जीवन, निःस्वार्थ सेवा और अखंड साधना को समर्पित शताब्दी समारोह का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह शताब्दी समारोह राष्ट्र की उस कृतज्ञता का जीवंत प्रतीक है, जो माताजी के त्याग, बलिदान और साधना के प्रति व्यक्त हो रही है। उनका जीवन एक ऐसी प्रेरणादायी ज्योति है, जिसने असंख्य लोगों को सही मार्ग और नई दृष्टि प्रदान की। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युग चेतना का वह प्रवाह है, जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के उत्थान के लिए सतत कार्य करता है।

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड के मूल स्वरूप, संस्कृति और आध्यात्मिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है और किसी भी स्थिति में इसके मूल चरित्र से समझौता नहीं किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा, साधना और संस्कार का यह त्रिवेणी संगम नवयुग के निर्माण में मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि विश्व की महान सभ्यताओं का विकास सामूहिक चरित्र निर्माण से ही हुआ है। जब समाज के लोग नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सेवा भाव को जीवन में अपनाते हैं, तभी मजबूत संस्कृति और स्थायी सभ्यता का निर्माण संभव होता है।

शताब्दी समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि यह आयोजन किसी एकांत तपोभूमि का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युगऋषि पूज्य आचार्यश्री के “खोया-पाया विभाग” की तरह है, जहां व्यक्ति स्वयं को और अपने सामाजिक दायित्व को पुनः पहचानता है।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, राज्य मंत्री विनय रुहेला, सुदर्शन न्यूज के प्रबंध निदेशक सुरेश चव्हाण, ईडी के पूर्व निदेशक राजेश्वर सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान न्यायाधीश परविन्दर सिंह, भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला समेत कई गणमान्य व्यक्तियों को शांतिकुंज का प्रतीक चिह्न, गंगाजली, रुद्राक्ष माला और युग साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विधायक मदन कौशिक, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.