प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के असम दौरे का आज दूसरा दिन है, जो राज्य के विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री असमवासियों को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। आज प्रधानमंत्री कलियाबोर के लिए रवाना होंगे, जहां वे कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर प्रस्तावित लगभग 35 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। करीब 6,957 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना पर्यावरण और विकास के संतुलन की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। इस एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से काजीरंगा क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित होगी और सड़क यातायात भी अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री असम को दो आधुनिक ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनों की सौगात भी देंगे। अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये ट्रेनें पूर्वोत्तर क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था को और मजबूत करेंगी। इन ट्रेनों के शुरू होने से असम का देश के अन्य हिस्सों से रेल संपर्क बेहतर होगा और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।
प्रधानमंत्री का यह दौरा असम के बुनियादी ढांचे, परिवहन और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने वाला साबित हो रहा है।