मुंबई। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा पुणे–सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोहोल तालुका के देवडी पाटी क्षेत्र में रात करीब एक बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पनवेल से छह लोग कार के जरिए अक्कलकोट में देवदर्शन के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान मोहोल के पास पहुंचते ही कार चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोहोल पुलिस स्टेशन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में फंसे शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे में ज्योति जयदास टकले नामक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत मोहोल के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायल महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान माला रवि साल्वे (40), निवासी पंचशील नगर झुग्गी, अर्चना तुकाराम भंडारे (47), विशाल नरेंद्र भोसले (41), अमर पाटिल और आनंद माली के रूप में हुई है। सभी मृतक एक ही वाहन में सवार थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर फैल गई है।