नेशनल पार्क एरिया में बड़ा एनकाउंटर, टॉप नक्सली दिलीप बेड़जा मारा गया

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में महाराष्ट्र सीमा से सटे नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला सहित चार नक्सली मारे गए हैं। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षा बलों ने दो एके-47 राइफल समेत अन्य हथियार भी बरामद किए हैं। मारे गए नक्सलियों में नेशनल पार्क एरिया कमेटी का डीवीसीएम कैडर का नक्सली दिलीप बेड़जा शामिल है, जबकि अन्य तीन शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मुठभेड़ शनिवार को बीजापुर जिले के उत्तर-पश्चिमी जंगल और पहाड़ी इलाके में हुई। खुफिया सूचना के आधार पर नक्सलियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान सुबह से ही सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि अभियान के दौरान दोपहर तक दो नक्सलियों के शव बरामद किए गए। इसके बाद शाम के समय फिर हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली सहित दो और नक्सलियों के शव मिले। इस तरह कुल चार नक्सलियों को मार गिराया गया है। मुठभेड़ स्थल से एक 303 राइफल और दो एके-47 स्वचालित हथियार बरामद किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि जिस इलाके में यह मुठभेड़ हुई, वह कुख्यात नक्सली पापाराव का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। पापाराव नेशनल पार्क एरिया का इंचार्ज है और दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का इकलौता सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यदि पापाराव भी मारा जाता है, तो डीकेएसजेडसीएम कैडर पूरी तरह समाप्त हो जाएगा, जो नक्सली नेटवर्क के लिए बड़ा झटका होगा।

फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल आसपास के जंगलों में छिपे अन्य नक्सलियों की तलाश कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अभियान पूरी तरह खत्म होने के बाद मुठभेड़ से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.