सीसीटीवी में कैद बदमाशों की वारदात, भगवानपुर में गोलियों से दहशत

जनपद हरिद्वार के भगवानपुर कस्बे में गुरुवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक फाइनेंस कारोबारी पर फायरिंग कर दी। इस घटना में कारोबारी बाल-बाल बच गया, लेकिन गोली के छर्रे पास ही खड़े एक युवक को जा लगे, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, भगवानपुर निवासी आदी राणा फाइनेंस का कारोबार करते हैं। गुरुवार शाम वह बाजार से होते हुए अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक गली के पास बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश अचानक पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उन पर तमंचे से गोली चला दी। बदमाशों का निशाना चूक गया और गोली पास की दीवार से टकरा गई। दीवार से उछले छर्रे वहीं नल पर पानी पी रहे युवक भूरा की कमर में जा घुसे, जिससे वह घायल हो गया।

गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। हालांकि, लोगों के पहुंचने से पहले ही बदमाश तमंचा लहराते हुए बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में साफ तौर पर दो नकाबपोश बदमाश बाइक पर सवार होकर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पीड़ित आदी राणा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि फायरिंग करने वाले युवक रुहालकी और प्रताप कॉलोनी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

भगवानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही हैं और सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.